काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पर हमला, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
वाराणसी, 30 जुलाई — काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक सनसनीखेज घटना में तेलुगू विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सी. एस. रामचंद्र मूर्ति पर दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने हमला कर घायल कर दिया।
यह हमला विश्वविद्यालय परिसर के भीतर सोमवार शाम को हुआ। लंका थाना पुलिस ने इस संबंध में दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास (IPC 307) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के अनुसार, प्रो. मूर्ति जब विश्वविद्यालय परिसर से अपने घर की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी भोजपुरी अध्ययन केंद्र से बिड़ला चौराहे की ओर जाते समय दो अज्ञात युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर पास मौजूद छात्रों ने मदद के लिए दौड़ लगाई, जिससे हमलावर भाग निकले। हमले में प्रोफेसर मूर्ति के हाथ में गंभीर चोट आई है और चिकित्सकीय जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।
घटना के विरोध में बीएचयू के दर्जनों प्रोफेसर मंगलवार को धरने पर बैठ गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 48 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद देर शाम धरना समाप्त कर दिया गया।फिलहाल, पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।






