पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, नाव से पहुंचकर वितरित की राहत सामग्री

वाराणसी, 3 अगस्त — उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने रविवार को कोनिया और राजघाट क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर वहां के पीड़ितों से मुलाकात की।

डॉ. तिवारी ने पैदल और नाव से बाढ़ से घिरे घरों तक पहुंचते हुए लोगों को राहत किट वितरित की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।विधायक द्वारा वितरित राहत किट में 35 किलोग्राम तक की आवश्यक सामग्री शामिल रही, जिसमें 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर दाल, 500 ग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर, 200 ग्राम सब्ज़ी मसाला, 2 लीटर रिफाइंड तेल, 2.5 किलो लाई, 2 किलो भुना चना, 2 किलो चना, 1 किलो चीनी, मोमबत्ती, माचिस, बिस्कुट के 10 पैकेट, साबुन, तिरपाल, बाल्टी, मग, सैनिटरी पैड, तौलिया, डेटॉल, और डिस्पोजेबल बैग शामिल रहे।

राहत कार्य के दौरान डॉ. तिवारी दो बड़ी नावों और तीन छोटी नावों की सहायता से दर्जनों परिवारों तक स्वयं पहुंचे और सामग्री वितरित की। उन्होंने मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी और अधिकारियों को पीड़ितों की समस्याओं के समाधान हेतु निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कदम उठाने को कहा।इसके बाद विधायक ने क्षेत्र में स्थापित दो बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण भी किया और वहां आश्रय ले रहे लोगों से संवाद किया।

उन्होंने अधिकारियों को शिविरों में दूध, चाय, फल सहित सभी आवश्यक वस्तुओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने, निरंतर बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था करने तथा साफ-सफाई, फॉगिंग और ब्लीचिंग के लिए सख्त निर्देश दिए।

डॉ. तिवारी ने स्थानीय पुलिस को भी सतर्क रहने और लगातार गश्त करने को कहा, ताकि बाढ़ ग्रस्त इलाकों में किसी भी प्रकार की चोरी या अनहोनी की घटनाओं को रोका जा सके।