सासाराम के न्यायिक मजिस्ट्रेट की पत्नी को गोली मारने का मामला, हालत स्थिर
गोड्डा (झारखंड)। झारखंड के गोड्डा जिले में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सासाराम (बिहार) में पदस्थापित न्यायिक मजिस्ट्रेट संतोष कुमार साहू की 25 वर्षीय पत्नी वंदना कुमारी को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी।
घटना पथरगामा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वंदना कुमारी तलाक मामले की पेशी के बाद अपने भाई के साथ पैतृक गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें घेरकर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनकी पीठ में लगी, जबकि दो गोलियां छूकर निकल गईं।
घटना के बाद घायल वंदना को पहले पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद से जुड़े सुपारी किलिंग की आशंका जताई जा रही है। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे पति की भूमिका हो सकती है।
इस संबंध में गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






