रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बरेका में कर्मचारियों के साथ किया भोजन, संगठनों की समस्याएं सुनीं

वाराणसी, 31 अक्टूबर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।दौरे के दौरान रेल मंत्री ने बरेका कर्मचारी कैंटीन में कर्मचारियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया।

इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से आत्मीय संवाद कर कैंटीन की सुविधाओं, कार्यस्थल की व्यवस्था और उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। रेल मंत्री का अपने बीच बैठकर भोजन करना कर्मचारियों के लिए खास आकर्षण रहा।

इसके बाद उन्होंने बरेका कर्मचारी परिषद, एससी/एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ और मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। कर्मचारी संगठनों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपे।

मंत्री ने प्रतिनिधियों की बातें गंभीरता से सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।रेल मंत्री ने महिला कर्मचारियों से भी संवाद कर कार्यस्थल पर सुरक्षा, बेहतर सुविधाओं और रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर चर्चा की। उन्होंने रेलवे के विकास में महिला कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार, बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।