Observer Best Teacher’s Award for 2026 goes to Dr Sushma Dixit

Best Teacher : Dr Sushma Dixit

ऑब्जर्वर बेस्ट टीचर्स अवार्ड से डॉ. सुषमा दीक्षित सहित पांच शिक्षक होंगे सम्मानित
शिक्षा में नेतृत्व, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए मिलेगा सम्मान

वाराणसी, एक अक्तूबर :सीएमटी: शिक्षकों की समाज में महती भूमिका को रेखांकित करते हुए ‘ऑब्जर्वर पीस फाउंडेशन’ ने इस वर्ष इन अग्रणी समाज निर्माताओं को सम्मानित करने का निर्णय किया है और इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पहला पुरस्कार डा. सुषमा दीक्षित को देने की घोषणा की है। यह पुरस्कार उन्हें गांधी जयंती के अवसर पर वाराणसी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदान किया जायेगा।
शिक्षक समाज का वास्तविक निर्माता होता है। वह केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करता है। इसी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करने के उद्देश्य से ऑब्जर्वर पीस फाउंडेशन की ओर से इस वर्ष पहली बार ‘ऑब्जर्वर बेस्ट टीचर्स अवार्ड’ प्रदान किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल, राँची (झारखंड) की प्रधानाध्यापिका डॉ. सुषमा दीक्षित का चयन विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में उनके नेतृत्व, नवाचार, कठोर परिश्रम और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में पिछले लगभग 28 वर्षों से कार्यरत डॉ. सुषमा दीक्षित ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकार विकसित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। क्लीन मीडिया फाउंडेशन की प्राशासनिक निदेशक डा. दीक्षित ने अपने लगभग 28 वर्षों के सफल कैरियर में झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय, रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय, वाराणसी स्थित सनबीम कालेज आफ विमेन, मनदमोहन मालवीय पोस्टग्रेजुएट कॉलेज,प्रतापगढ़, डीपीएस जम्मू, जम्मूकश्मीर के आदर्श कॉलेज आफ एजुकेशन, जम्मूकश्मीर स्थित मायर कॉलेज आफ एजुकेशन, रांची स्थित आचार्य कुलम्, वाराणसी स्थित एसएसवी इंग्लिश स्कूल, जम्मूकश्मीर स्थित केन्द्रीय विद्यालय एवं रांची स्थित लॉरेटो कान्वेंट में भी अध्यापन के कार्य में अपने यश की पताका फहरायी है। उनके नेतृत्व में शिक्षा को केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया है। डा. सुषमा दीक्षित के नेतृत्व में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है।

संस्कृत वांग्मय के क्षेत्र में देश के सर्वश्रेष्ठ प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर सुधाकर दीक्षित की बहू डा. दीक्षित के देश की प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में सौ से अधिक प्रकाशित शोध पत्र हैं।
फाउंडेशन ने डॉ. सुषमा दीक्षित के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अपने समस्त शैक्षणिक जीवन में और विशेष कर एक प्रधानाध्यापिका के रूप में उनका नेतृत्व, शिक्षण के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास उन्हें इस सम्मान का पात्र बनाते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्य अन्य शिक्षकों के लिए भी अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी हैं।
‘ऑब्जर्वर बेस्ट टीचर्स अवार्ड’ की इसी श्रेणी में एन.आई.टी., जमशेदपुर की सह-आचार्य डॉ. कुमारी नम्रता, सविलयन विद्यालय, दशाश्वमेध, वाराणसी की प्रधानाध्यापिका श्रीमती आरती सिंह, शिक्षा संकाय, बी.एच.यू., वाराणसी की सह-आचार्य डॉ. पूनम सिंह खरवार तथा एल.एन. फॉर्मेसी कॉलेज, देवरिया के प्रोफेसर (डॉ.) दुर्गेश मणि त्रिपाठी को भी सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के सम्मान से नवाजा जाएगा।
फाउंडेशन के अनुसार, इन शिक्षकों ने अपने-अपने संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
ऑब्जर्वर पीस फाउंडेशन ने कहा कि ‘बेस्ट टीचर्स अवार्ड’ का उद्देश्य उन शिक्षकों को सम्मानित करना है, जो कक्षा की चारदीवारी से आगे बढ़कर नई पीढ़ी के भविष्य को आकार दे रहे हैं। ऐसे शिक्षक ही विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित कर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

फाउंडेशन के अध्यक्ष डा. अमरबहादुर सिंह ने डा. सुषमा दीक्षित के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को सराहते हुए कहा कि वह सर्वगुण संपन्न शिक्षिका हैं और उनका जीवन में कार्य शिक्षा जगत में अन्य लोगों के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि डा. दीक्षित के पूरे शैक्षणिक जीवन के योगदान को दृष्टिगत रखते हुए ही उन्हें इस वर्ष के बेस्ट टीचर्स के सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है।