जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश: वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुनीं जन समस्याएँ
वाराणसी, 30 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी प्रवास के दौरान जनता की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से सीधे मिले और उनकी समस्याओं व शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की हर समस्या का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला सह मीडिया प्रभारी अरविन्द मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन पहली बार वाराणसी में जन सुनवाई में शामिल हुए। उन्होंने आमजन से भेंट कर उनकी बात सुनी और अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
मिश्रा ने यह भी बताया कि जिन लोगों से मुख्यमंत्री सीधे मुलाकात नहीं कर सके, उनके प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है ताकि किसी भी शिकायतकर्ता की समस्या अनसुनी न रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे थे।






