पीएम मोदी को गाली देना गलत, मां का सम्मान हर हाल में होना चाहिए: सांसद अवधेश प्रसाद

वाराणसी। अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद सोमवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्वजों का पिंडदान किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।

उन्होंने हाल ही में बिहार में कांग्रेस-राजद की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली दिये जाने पर कड़ा एतराज जताया। सांसद ने कहा— “मां मां होती है, चाहे किसी की भी हो। चाहे प्रधानमंत्री की मां हो, गरीब की मां हो या भारत मां हो, मां का सम्मान हमेशा होना चाहिए। प्रधानमंत्री को गाली देना गलत है और इसमें शामिल लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

”अवधेश प्रसाद ने भाजपा सरकार की विदेश नीति को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि पड़ोसी देशों से संबंध मजबूत बनाने की जरूरत है, लेकिन मौजूदा सरकार इसमें नाकाम रही है।चुनावी परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि “मिल्कीपुर में वोट की चोरी नहीं, बल्कि डकैती हुई है। मेरे बेटे की जीत निश्चित थी, लेकिन लोकतंत्र के काले इतिहास की शुरुआत यहीं से हुई है।

”उन्होंने खुद को प्रभु श्रीराम का भक्त बताते हुए कहा कि “हमारे बाबा का नाम रामनवल था और पिता का नाम दुखीराम। प्रभु राम की कृपा से ही हम अयोध्या से चुनाव जीत पाए।

”सेना और अग्निवीर योजना पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि उनकी सरकार आने पर यह योजना समाप्त की जाएगी और पहले जैसी नियमित भर्ती बहाल होगी। उन्होंने कहा कि सेना का सम्मान सर्वोपरि है और उसे आसमान तक पहुंचाया जाएगा।

भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर भी सांसद ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से मैच खेलना उचित नहीं था, हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया है।वक्फ बिल संशोधन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लेकर उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के निर्णय का सम्मान होना चाहिए।

साथ ही कहा कि “सच्चा न्याय तभी मिलेगा, जब देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।”जगद्गुरु रामभद्राचार्य द्वारा मुस्लिम महिलाओं को लेकर दिए गए बयान को उन्होंने “घटिया” बताया।-