वाराणसी: निजी नर्सिंग कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल का शव संदिग्ध हालात में मिला, क्षेत्र में फैली सनसनी
वाराणसी, 21 मई 2025:शहर के हरहुआ थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक निजी नर्सिंग कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल का शव उनके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।
मृतक की पहचान केरल के अलप्पुझा जिले के चारुमुड, थमराकुलम निवासी विष्णु कुरूप (36) के रूप में हुई है।
वे हरहुआ चौराहे के पास स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में उप-प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, विष्णु कुरूप का शव उनके कमरे में फर्श पर पड़ा मिला, जो कई दिन पुराना था। शव के आसपास खून फैला हुआ था, और सड़ने की अवस्था में होने के कारण पूरे मकान में तेज दुर्गंध फैल गई थी।
मकान मालिक अनिल कुमार साव ने दुर्गंध महसूस होने पर दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर अंदर झांका तो वह सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल हरहुआ पुलिस को सूचना दी।
मौके पर बड़ागांव पुलिस, एसीपी पिंडरा और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर कमरे की जांच की और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा गया। पुलिस ने बताया कि शव तीन-चार दिन पुराना है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जो गुरुवार तक वाराणसी पहुंचने की संभावना है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच जारी है।यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं पुलिस इसे गंभीर मामला मानते हुए जांच में जुटी है।






