काशी विश्वनाथ मंदिर में धक्का-मुक्की के बीच श्रद्धालु गिरे, लाइव स्ट्रीमिंग में कैद घटना का वीडियो वायरल
वाराणसी: सोमवार शाम काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में स्पर्श दर्शन के दौरान भीड़भाड़ और धक्का-मुक्की में एक महिला और एक पुरुष श्रद्धालु शिवलिंग के अरघे में गिर गए। यह पूरी घटना मंदिर की लाइव स्ट्रीमिंग में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि स्पर्श दर्शन के लिए भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी, और भक्तों के बीच आगे बढ़ने की जल्दबाजी के कारण अव्यवस्था फैल गई। इसी अफरा-तफरी के बीच महिला अपना संतुलन खो बैठी और अरघे में गिर पड़ी। पीछे खड़ा एक पुरुष भी संतुलन बिगड़ने के कारण उसके साथ गिर गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने महिला को उठाने की कोशिश की, जबकि पुरुष किसी तरह खुद को बाहर निकालने में सफल रहा। घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मंदिर प्रशासन का कहना है कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को और कड़ा किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।







