प्रशासनिक कार्रवाई पर दालमंडी में उबाल, विरोध प्रदर्शन के दौरान युवक ने अपने घर में लगाई आग

वाराणसी | दालमंडी क्षेत्र में चल रही प्रशासनिक ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने विरोध जताते हुए अपने ही मकान में आग लगाने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बीच युवक ने टीन शेड के ऊपर पेट्रोल डालकर माचिस जला दी, जिससे अचानक आग लग गई।

मौके पर मौजूद पुलिस बल और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर जल्द ही काबू पा लिया।राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आगजनी की कोशिश के बाद प्रशासन सतर्क हो गया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि दालमंडी क्षेत्र में मकान ध्वस्तीकरण को लेकर स्थानीय लोगों में पहले से ही नाराजगी थी। इसी नाराजगी के बीच यह घटना सामने आई, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।