वाराणसी पुलिस–अधिवक्ता विवाद के बीच एडीसीपी नीतू कादयान के समर्थन में सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों का अभियान

वाराणसी। अधिवक्ता–पुलिस विवाद के बीच वाराणसी पुलिस महकमे में एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान को लेकर जबरदस्त एकजुटता देखने को मिल रही है। बीते दो दिनों से पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर हैशटैग अभियान चला रहे हैं और खुलकर उनके समर्थन में सामने आए हैं।

पुलिसकर्मियों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और ‘एक्स’ (ट्विटर) पर #ipsNeetu, #Varanasipolice और #gloryofuppolice जैसे हैशटैग का जमकर इस्तेमाल किया।

कई कर्मियों ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर भी नीतू कादयान की तस्वीर और संदेश साझा कर समर्थन जताया।फेसबुक पर पोस्ट की गई तस्वीरों में बैकग्राउंड में फिल्म सिंघम का म्यूजिक भी जोड़ा गया है, जिससे पुलिसकर्मियों का उत्साह और जोश और बढ़ा।

इन पोस्ट में नीतू कादयान को “गौरव और अनुकरणीय अधिकारी”, “वास्तविक अभिभावक” और “यूपी पुलिस का अभिमान” बताते हुए गर्व व्यक्त किया गया।