काशी में दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने खोली नगर निगम और बिजली विभाग की पोल, बिजली आपूर्ति घंटों से ठप

वाराणसी, 30 जून:काशी में सोमवार को अचानक हुई दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने नगर निगम और बिजली विभाग की तैयारियों की पूरी पोल खोल दी।

शहर के कई इलाकों में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं भदैनी उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति तीन घंटे से पूरी तरह ठप है।बारिश के चलते बिजली विभाग ने फॉल्ट की आशंका जताते हुए कहा कि जब तक बारिश बंद नहीं होती, तब तक पेट्रोलिंग संभव नहीं है।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि बारिश रुके अब 45 मिनट से ज्यादा का समय हो चुका है, फिर भी न तो फॉल्ट का सही ठिकाना पता चल पाया है और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी है।स्थानीय नागरिकों ने जब बिजली विभाग से संपर्क किया तो उन्हें जवाब मिला कि “बारिश के कारण कहीं फॉल्ट है, बारिश थमने के बाद ही जांच संभव होगी।” हालांकि अब तक किसी भी टीम को ग्राउंड पर उतरते नहीं देखा गया है।

इधर, नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था भी पूरी तरह फेल साबित हुई। घाटों से लेकर मुख्य सड़कों तक पानी भर गया, जिससे वाहनों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।