आरएस पटेल को रोहनिया प्रत्याशी राजेश भाई पटेल ने पहनाया चांदी का मुकुट, आर एस पटेल की प्रशासन को खुली चुनौती; बोले– जेल जाने से नहीं डरता

26 नवंबर 2026 वाराणसी । जनहित संकल्प पार्टी के प्रथम स्थापना दिवस एवं संविधान दिवस पर रोहनिया के कुरौता स्थित सरदार पटेल तालाब में आयोजित समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल को रोहनिया विधानसभा प्रत्याशी राजेश भाई पटेल ने चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।

इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रशासन और सत्ता पक्ष पर कार्यक्रम बाधित करने का आरोप लगाया। दोनों नेताओं ने दावा किया कि कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने और कार्यकर्ताओं की बसों को रास्ते में रोके जाने के कारण बड़ी संख्या में लोग सभा में नहीं पहुंच सके।

आरएस पटेल ने कहा कि संविधान दिवस मनाना और जनता से संवाद करना अपराध नहीं है। यदि इसके लिए जेल जाना पड़े तो वह तैयार हैं।राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कालेधन और 15 लाख रुपये खाते में देने के वादे का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की जनता को रोजगार और आर्थिक राहत देने के बजाय बड़ी आबादी पांच किलो राशन पर निर्भर रहने को मजबूर है।

उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध, आरक्षण और रोजगार के मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम की अनुमति निरस्त होने के बाद भी संविधान दिवस समारोह आयोजित करने पर उन्हें जेल भेजने की चेतावनी दी गई थी। आरएस पटेल ने कहा, “संविधान दिवस मनाना अपराध है क्या? आपसे बात करना अपराध है क्या? अगर इसे अपराध मानते हैं तो आरएस पटेल जेल जाने के लिए तैयार है।”

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए लोगों ने संघर्ष और कुर्बानियां दीं। लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए भी संघर्ष करना पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

वहीं, रोहनिया विधानसभा प्रत्याशी राजेश भाई पटेल ने कहा कि पार्टी ने स्थापना दिवस एवं संविधान दिवस समारोह के लिए व्यापक तैयारियां की थीं, लेकिन कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों को रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनार पुल पर कुछ गाड़ियों को रोक दिया गया तथा रोहनिया के लोगों को कार्यक्रम रद्द होने की सूचना देकर भ्रमित किया गया।

राजेश भाई पटेल ने कहा कि रोहनिया की जनता कार्यक्रम के लिए उत्साहित थी, लेकिन अफवाहों और दबाव के कारण लोग नहीं पहुंच सके। उन्होंने जनता से कहा कि वह घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे, अपनी बात रखेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने किसानों की जमीन, मुआवजे और अधिकारों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही।

दोनों नेताओं ने कार्यक्रम में व्यवधान के लिए सत्ता पक्ष और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों तथा संविधान की भावना के अनुरूप जनता के बीच अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रखने का संकल्प जताया। रैली मे हजारों की संख्या मे कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *