26 नवंबर को वाराणसी में जुटेंगे कई राजनीतिक दल, आरएस पटेल करेंगे ‘फर्स्ट फ्रंट’ का ऐलान रोहनिया से राजेश भाई पटेल होंगे प्रत्याशी, किसानों की जमीन और मुआवजे का मुद्दा उठाएगी पार्टी

वाराणसी, 25 नवंबर। जनहित संकल्प पार्टी अपने प्रथम स्थापना दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कोरौता बाजार स्थित पटेल तालाब मैदान में विशाल जनसभा आयोजित करेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल ने दावा किया है कि इसमें प्रदेश के कई राजनीतिक दल शामिल होंगे और एक नए राजनीतिक गठबंधन ‘फर्स्ट फ्रंट’ की घोषणा की जाएगी।
पार्टी ने रोहनिया विधानसभा से राजेश भाई पटेल को प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसानों की जमीन औने-पौने दाम पर अधिग्रहित किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पार्टी किसानों को जमीन वापस दिलाने अथवा उचित मुआवजा दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।डॉ. आरएस पटेल ने कहा कि पार्टी दलितों, पिछड़ों, मुस्लिमों और वंचित वर्गों के अधिकारों एवं सम्मान की लड़ाई को राजनीतिक मंच देगी। साथ ही वाराणसी सहित प्रदेश के प्रत्येक जिले की स्थानीय पहचान और उत्पादों को बढ़ावा देकर प्रोडक्शन हब विकसित करने तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की योजना पर काम करेगी।
उन्होंने दावा किया कि ‘फर्स्ट फ्रंट’ न इंडिया गठबंधन का हिस्सा होगा और न एनडीए का, बल्कि जनता के मुद्दों को लेकर एक अलग राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आएगा। जनसभा में प्रदेश की राजनीतिक दिशा और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की संभावना है।






