सबके जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लगभग 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार सबके जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी गरीब या कमजोर के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा, “यदि किसी दबंग ने गरीब की जमीन पर कब्जा किया है तो तत्काल कब्जामुक्त कराएं और दोषियों को कानून के अनुसार सबक सिखाया जाए। कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।

”जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी खुद लोगों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निस्तारण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ होगा।इस मौके पर इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले कई लोग भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके इलाज की पूरी जिम्मेदारी लेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिकित्सा खर्च से जुड़ी इस्टीमेट प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि मरीजों को समय से मदद मिल सके।