पूर्वी जोन में 34वीं वाहिनी का परचम, 56 पदकों के साथ किया कब्जा

वाराणसी । भुल्लनपुर स्थित 34वीं वाहिनी (पीएसी) के मैदान में आयोजित 29वीं पूर्वी जोन अंतर वाहिनी तैराकी एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को भव्य समापन हो गया। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में मेजबान 34वीं वाहिनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 56 पदक हासिल कर पदक तालिका में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में 42वीं वाहिनी ने 39 पदकों के साथ द्वितीय स्थान, जबकि 12वीं वाहिनी ने 15 पदकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में पीएसी की कुल 10 वाहिनियों के लगभग 205 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

वहीं, 33वीं और 39वीं वाहिनी को कोई पदक प्राप्त नहीं हो सका।तैराकी प्रतियोगिता की टीम चैंपियनशिप में 34वीं वाहिनी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 42वीं वाहिनी प्रयागराज दूसरे स्थान पर रही।
वाटर पोलो के फाइनल मुकाबले में भी 34वीं वाहिनी ने 42वीं वाहिनी को हराकर खिताब अपने नाम किया।वहीं, क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में 20वीं वाहिनी ने प्रथम तथा 36वीं वाहिनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार सोनकर (पीएसी, वाराणसी अनुभाग) मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन सचिव सेनानायक डा. मीनाक्षी कात्यायन की उपस्थिति में सभी टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि एवं सेनानायक द्वारा विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को शील्ड, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम के सफल आयोजन में दलनायक ब्रजेश राय, बदन यादव, पीसी धीरेंद्र सिंह सहित निर्णायक मंडल, तकनीकी समिति एवं व्यवस्थापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन समारोह में शिविरपाल तेज बहादुर सिंह यादव, सूबेदार मेजर, अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।







