पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. सिंह ने परिवार संग किया काशी दर्शन, नमो घाट पर देखी गंगा आरती
6 मार्च 2026 वाराणसी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता, झारखंड के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा वर्तमान रांची विधायक सी.पी. सिंह दो दिवसीय निजी कार्यक्रम पर अपने परिवार के साथ काशी पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन-पूजन किया।शुक्रवार सुबह सी.पी. सिंह ने परिवार के साथ गंगा स्नान किया और अपने नाती का मुंडन संस्कार संपन्न कराया।
इसके बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, काल भैरव मंदिर, संकट मोचन मंदिर और दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शाम को नमो घाट पहुंचकर भव्य गंगा आरती में भी भाग लिया।इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में सी.पी. सिंह ने बताया कि वह पहली बार वर्ष 1977 में सारनाथ में आयोजित एक अधिवेशन में शामिल होने के लिए बनारस आए थे। उस समय वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में नगर प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे थे। इसके बाद वे जिला प्रमुख बने और तब से कई बार काशी दर्शन के लिए आते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें भी अपने क्षेत्र में विकास कार्य कराने होते हैं, लेकिन काशी में जो परिवर्तन हुआ है वह अद्भुत है। उन्होंने कहा कि काशी की गलियों को इतनी सुंदरता से विकसित किया गया है कि पहली नजर में ऐसा लगता है जैसे मार्बल लगा हो। जिज्ञासा होने पर उनके प्रोटोकॉल में तैनात सिपाही ने बताया कि यह सोनभद्र का पत्थर है, जो बेहद आकर्षक और टिकाऊ है।
सी.पी. सिंह ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगभग 100 गुना तक वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय व्यापार में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वाराणसी की सीरत और सूरत दोनों बदल गई हैं। “मोदी जी के आने से बनारस में चार चांद लग गए हैं। मैं बनारस के लोगों से कहना चाहता हूं कि उन्हें गर्व होना चाहिए कि देश के प्रधानमंत्री का लोकसभा क्षेत्र बनारस है और वे यहां के सांसद हैं।







