वाराणसी में अपराध पर अब कड़ी नजर: एसओजी-2 टीम का गठन, जुआ-सट्टा और हुक्काबार पर होगी कार्रवाई

वाराणसी। शहर में तेजी से पनप रही अवैध गतिविधियों और सामाजिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी पहल करते हुए एक नई विशेष ऑपरेशन ग्रुप (SOG-2) का गठन किया है।

यह टीम अब जुआ, सट्टा, अवैध हुक्काबार, मादक पदार्थों की बिक्री और अनैतिक कार्यों पर विशेष निगरानी रखेगी और आवश्यकतानुसार कठोर कार्रवाई भी करेगी।

एसओजी-2 को सौंपा गया विशेष मिशननवगठित एसओजी-2 टीम में उप निरीक्षक अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में कांस्टेबल सचिन मिश्रा (थाना कैंट), अखिलेश कुमार गिरि (थाना सिगरा) और शैलेंद्र सिंह (थाना रामनगर) को शामिल किया गया है।

यह टीम खास तौर पर सामाजिक अव्यवस्थाओं और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाएगी।

वहीं पहले से सक्रिय विशेष ऑपरेशन ग्रुप को अब “एसओजी-1” नाम दिया गया है, जो लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी और वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी जैसे गंभीर अपराधों के खुलासे में जुटी रहेगी।

पुलिस आयुक्त ने दी सख्त चेतावनीकैंप कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सामाजिक अपराधों और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एसओजी-2 को निर्देश दिया कि वह जमीनी स्तर पर निगरानी रखे और सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करे।

सभी वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूदइस उच्चस्तरीय बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे थाना स्तर पर एसओजी टीम के साथ समन्वय बनाकर अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।