नैपुरा-रमना मार्ग की दुर्दशा पर सपा कार्यकर्ताओं का गंदे पानी में लेटकर प्रदर्शन, सड़क मरम्मत की मांग तेज
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नैपुरा से रमना को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
मार्ग पर भरे गंदे पानी में लेटकर लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और तत्काल सड़क मरम्मत की मांग उठाई।इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सपा नेता अजय फौजी ने किया।
उन्होंने कहा कि “काशी देश के प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है और मुख्यमंत्री भी इन दिनों यहां मौजूद हैं, फिर भी अफसरों को हालात नहीं दिखाई दे रहे।” अजय फौजी ने आगे कहा कि मार्ग पर गहरे गड्ढों में सीवर का गंदा पानी भरा है, जिससे आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सावन मास में जब श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए हाथ में दूध और गंगाजल लेकर निकलेंगे, तो क्या इसी रास्ते से गुजरेंगे?
उन्होंने तंज कसा कि “अगर यही क्योटो बनाने का सपना दिखाया गया था, तो हमें ऐसा क्योटो नहीं चाहिए।”स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम और संबंधित विभागों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रदर्शन के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क की मरम्मत होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कहते रहे।






