वाराणसी में सीडीओ के औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, प्रोबेशन ऑफिस के तीन कर्मचारी निलंबित
वाराणसी। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को जिला प्रोबेशन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर लापरवाही उजागर हुई। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था और कार्यप्रणाली में ढिलाई पाए जाने पर सीडीओ ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की सिफारिश की है।
जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें जूनियर असिस्टेंट नाग नारायण यादव, हेड असिस्टेंट राजीव कुमार राय और उर्दू अनुवादक रशीदा बेगम शामिल हैं।
सीडीओ ने इन सभी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करते हुए निलंबन की संस्तुति की है।निरीक्षण के दौरान जब सीडीओ ने नाग नारायण यादव की अलमारी खुलवाई, तो उसमें महत्वपूर्ण पत्रावलियां बेतरतीब और अव्यवस्थित हालत में पाई गईं।
इस पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने पत्रावलियों को तुरंत व्यवस्थित करने के निर्देश दिए और पूरे मामले को गंभीर मानते हुए निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यालय में अनुशासन और कार्य संस्कृति बनाए रखना आवश्यक है।
भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अन्य विभागों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि इसी प्रकार औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।






