वाराणसी में 125 साल का रिकॉर्ड टूटा: 24 घंटे में 140.8 मिमी बारिश से शहर जलमग्न, दो दिन और भारी बारिश का अलर्ट

वाराणसी, 5 अक्टूबर।काशी में बीते 24 घंटे में हुई 140.8 मिमी बारिश ने पिछले 125 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 9 अक्टूबर 1900 को 138.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। बीएचयू के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार यह इस मानसून सीजन की दूसरी सबसे भारी बारिश रही है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों (शनिवार और रविवार) तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।शुक्रवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला दोपहर तक रफ्तार पकड़ता गया और शाम तक लगातार झमाझम बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया। दोपहर ढाई बजे से रात आठ बजे तक बारिश का तीव्र दौर चला, जिसने पूरे शहर की रफ्तार रोक दी।शहर की सड़कों पर जलभराव, यातायात ठपलगातार हुई बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया।

बीएचयू के सरसुंदर लाल अस्पताल परिसर में कमर तक पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।रवींद्रपुरी, भगवानपुर, सामनेघाट, सुसुवाही, सुंदरपुर, चितईपुर, कंदवा, ककरमता और रथयात्रा जैसे क्षेत्रों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। कई चारपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि पैदल और रिक्शा यात्री आगे बढ़ने से हिचकते नजर आए।

पूजा-पंडालों और बाजारों पर असरभारी बारिश ने त्योहारों की तैयारियों पर भी पानी फेर दिया। कई पूजा पंडालों में पानी भर गया, जिससे मूर्ति विसर्जन से पहले की औपचारिकताएं अधूरी रह गईं।शाम सात बजे के बाद अधिकांश बाजार बंद हो गए। गुरुधाम चौराहा, रथयात्रा, नरिया और कमच्छा जैसे इलाकों में आवागमन लगभग ठप रहा।

मौसम विभाग की चेतावनीमौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे तक भारी से अति भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।