गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन: गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार
गोरखपुर, 4 अक्टूबर – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को आयोजित जनता दर्शन में लगभग 300 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जरूरतमंदों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके इलाज का खर्च भी सरकार उठाएगी। इसके लिए अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट मंगाकर उनके कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए और विवेकाधीन कोष से मदद की जाएगी।
आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनाया जाए ताकि किसी को इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों और जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशीलता से पेश आकर उनकी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जमीन कब्जा या दबंगई से जुड़े मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान निष्पक्षता से और उनकी संतुष्टि के अनुसार किया जाना चाहिए।
बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में आए बच्चों से मुलाकात की, उन्हें प्यार और आशीर्वाद दिया। बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें खूब मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट गिफ्ट भी की।
गोशाला में गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर परिसर में अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पारंपरिक दिनचर्या के तहत गोशाला का भी दौरा किया। उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और कुछ समय गोसेवा में व्यतीत किया।